MP Accident: बड़वानी के राजघाट रोड पर रविवार सुबह एक ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार तीन लड़कियों और एक महिला को टक्कर मार दी। हादसे में 14 वर्षीय पलक कुशवाह, 12 वर्षीय कनिका कुशवाह और 8 वर्षीय आकृति कुशवाह घायल हो गईं। कनिका कुशवाह की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घटना सुबह करीब 8 बजे की है। तीनों लड़कियां रविवार हॉट बाजार के चलते कृषि उपज मंडी में सामान खरीदने आई थीं। मंडी के सामने सड़क किनारे खड़ी लड़कियों को नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी।
चालक खाली ट्रैक्टर लेकर ईट भट्टों की तरफ जा रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शहर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में कई ट्रैक्टर मालिक बिना लाइसेंस वाले और नौसिखिया चालकों को वाहन चलाने देते हैं। इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। लोगों ने ट्रैक्टर चालकों की सघन जांच की मांग की है।