MP News: रीवा। मध्य प्रदेश में शनिवार सुबह से लगातार हो रही तेज बारिश के बीच रीवा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के एयरपोर्ट की बाउंड्री वॉल भारी बारिश के चलते भरभराकर गिर गई है। घटना ने एयरपोर्ट की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस ने इस मामले पर सरकार को घेरते हुए तंज कसा है।
भारी बारिश से धंसी दीवार की मिट्टी
रीवा में बीते 24 घंटों के भीतर करीब 8 इंच बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से न केवल निचली बस्तियों में पानी भर गया, बल्कि एयरपोर्ट की दीवार के नीचे की मिट्टी भी खिसक गई, जिसके चलते बाउंड्री वॉल का एक बड़ा हिस्सा गिर गया है।
हाल ही में हुआ था उद्घाटन पीएम मोदी ने किया था लोकार्पण
गौरतलब है कि यह वही एयरपोर्ट है जिसका उद्घाटन अक्टूबर 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली किया था। यह एयरपोर्ट करीब 2300 मीटर लंबे रनवे के साथ विंध्य क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया था।
कांग्रेस का हमला पहली ही बारिश में उजागर हुआ विकास मॉडल
कांग्रेस नेता कमलेश्वर पटेल ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने लिखा, “डबल इंजन सरकार की विकास यात्रा पहली ही बारिश में बह गई है।कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से भी तीखी प्रतिक्रिया आई है: “ढोल-नगाड़े, फूलों की वर्षा और वादों की झड़ी थी, लेकिन पहली ही बारिश में विकास बह गया। यही है अमृतकाल की हकीकत?”
विंध्य की कनेक्टिविटी के लिए बना था एयरपोर्ट
रीवा एयरपोर्ट के निर्माण का मुख्य उद्देश्य विंध्य क्षेत्र को हवाई मार्ग से जोड़ना था, जहां कनेक्टिविटी बेहद कम थी। फिलहाल यहां से भोपाल, खजुराहो, सिंगरौली और इंदौर जैसे शहरों के लिए छोटे विमानों की उड़ानें चलाई जा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट
यह एयरपोर्ट रीवा जिले के ही उप मुख्यमंत्री जगदीश राजेंद्र शुक्ला की पहल पर बनाया गया है। उन्होंने कहा था कि सरकार बड़ी एयरलाइंस से बातचीत कर रही है और जल्द ही 72 सीटर विमानों की उड़ानें भी शुरू होंगी।हालांकि पहली ही बारिश में दीवार ढहने से निर्माण सामग्री और गुणवत्ता पर कई गंभीर सवाल उठने लगे हैं। अब सबकी नजर सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी है।









