MP News: कई सालों बाद ऐसी भारी बारिश आसमान फटा जैसा नज़ारा मध्य प्रदेश में इस बार की बारिश ने कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। छतरपुर जिले में सबसे अधिक बारिश दर्ज की जा रही है, जहां मानो आसमान फट गया हो। बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
बांध फटने की कगार पर प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
बारिश के कारण जिले में बने कई बांध फटने की कगार पर पहुंच गए हैं। खुद जिला प्रशासन और कलेक्टर ने हाई अलर्ट जारी किया है। छतरपुर के तरपेड और रनगुआ बांध को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पिया बांध पहले ही फट चुका है। इसके चलते पिया और दारुल जैसे बड़े गांवों को खाली कराया जा रहा है।
गांवों में बाढ़ जैसे हालात सड़कें और वाहन जलमग्न
गांवों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सड़कें डूब चुकी हैं और कई वाहन पानी में फंस गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे लोगों से आग्रह किया गया है कि वे ऊंचे स्थानों पर चले जाएं। नर्मदा नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है और उसके आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
NDRF-SDRF की टीमें कर रही रेस्क्यू
जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार विभिन्न स्थानों पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। अब तक 50 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
कलेक्टर की अपील ऊंचाई पर शरण लें
जिला कलेक्टर कमलेश चंद्रपुरिया ने बताया कि छतरपुर जिले में लगातार भारी बारिश हो रही है और स्थिति को देखते हुए तरपेड एवं रनगुआ बांधों पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। इन बांधों के डाउन स्ट्रीम में स्थित गांवों के निवासियों से अपील की गई है कि वे तुरंत अपने घर खाली कर ऊंचे स्थानों पर शरण लें।कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाई जाएगी। किसी भी परेशानी की स्थिति में नागरिक जिला कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।









