32 हजार क्विंटल धान का परिवहन पूर्ण, किसानों ने व्यवस्थाओं को बताया संतोषजनक
उमरिया : गढ़पुरी धान उपार्जन केंद्र में खरीफ सीजन के दौरान धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक तक लगभग 40 हजार क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं करीब 32 हजार क्विंटल धान का सुरक्षित परिवहन भी पूर्ण कर लिया गया है। प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपार्जन केंद्र पर बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

उपार्जन केंद्र पर धान विक्रय के लिए पहुंचे किसानों ने व्यवस्थाओं की सराहना की है। डोभा निवासी बिसंभर बैगा ने बताया कि उन्हें धान उपार्जन के दौरान किसी भी तरह की समस्या नहीं हुई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केंद्र में न तो उनसे और न ही अन्य किसानों से किसी प्रकार के अतिरिक्त पैसे की मांग की गई। प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही और समय पर तौल व पंजीयन किया गया।
वहीं कोडार निवासी किसान धनीराम ने बताया कि उपार्जन केंद्र में किसानों के लिए चाय पानी की उचित व्यवस्था की गई है। केंद्र पर बैठने छांव और पेयजल की भी सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि पूरे समय उन्हें किसी भी तरह की असुविधा महसूस नहीं हुई और कर्मचारियों का व्यवहार भी सहयोगात्मक रहा।
किसानों ने यह भी बताया कि वे उच्च गुणवत्तायुक्त धान लेकर केंद्र पर पहुंचे थे जिसकी मौके पर मौजूद अधिकारियों द्वारा विधिवत जांच की गई। तौल या सिलाई के नाम पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जा रहा है। सभी बोरियों में नियमानुसार टैग लगाए जा रहे हैं जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो और फोटो को लेकर भी किसानों ने स्थिति स्पष्ट की है। किसानों का कहना है कि जिन बोरियों में टैग नहीं दिख रहे हैं वे टैगिंग के लिए अलग रखी गई थीं। उसी दौरान किसी व्यक्ति द्वारा तस्वीरें ले ली गईं जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई।
कुल मिलाकर गढ़पुरी धान उपार्जन केंद्र पर खरीदी व्यवस्था संतोषजनक बनी हुई है और किसान बिना किसी डर या दबाव के अपनी उपज बेच पा रहे हैं।








