MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने प्रेमी के साथ भागी अपनी जिंदा बेटी का हिंदू रीति-रिवाजों से अंतिम संस्कार कर दिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाले संतोष सिंह बुंदेला ने अपनी 16 वर्षीय बेटी के प्रेमी के साथ भाग जाने के बाद उसे मृत मान लिया और हाईवे किनारे बैठकर उसका पिंडदान कर दिया।
बेटी के जाने से टूटा पिता का दिल
संतोष सिंह बुंदेला और उनकी पत्नी सुनीता सिंह का कहना है कि उनकी बेटी 4 जुलाई को पनावा निवासी लक्ष्मण साहू के साथ लापता हो गई थी। लक्ष्मण डंडारी में स्थित “अभिषेक चाट भंडार” में काम करता था। परिजनों का आरोप है कि लक्ष्मण ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा लिया।
थाने में शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
परिजनों ने इस घटना की रिपोर्ट सिविल लाइन थाना में दर्ज करवाई, लेकिन 12 दिन बीतने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इस दर्द और निराशा के बीच संतोष सिंह ने मजबूरी में सड़क किनारे बैठकर बेटी का पिंडदान किया और खुद का मुंडन भी करवा लिया। हाईवे किनारे की यह घटना देखने के लिए भीड़ जमा हो गई थी।
पुलिस की कार्रवाई और माता-पिता की पीड़ा
बाद में सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर माता-पिता को आश्वासन दिया और थाने ले गई। संतोष सिंह ने बताया कि उन्होंने बेटी को अब मरा हुआ मान लिया है और उसका कोई अस्तित्व अब उनके लिए नहीं बचा। उन्होंने कहा कि अब उन्हें अपनी बेटी से कोई लेना-देना नहीं है, सिर्फ न्याय चाहिए।
पिता की मार्मिक अपील
संतोष सिंह का कहना है कि वे बहुत गरीब हैं और मजदूरी करते हैं। उन्होंने रोते हुए कहा, “मैं थक गया श्रीमान जी, मेरे पास अब कोई चारा नहीं बचा। लड़की जिंदा नहीं है, क्योंकि समाज ने मुझे कलंकित कर दिया है।”









