MP News: इंदौर में एक युवक ने अपने पड़ोसियों से डरकर एक अनोखा तरीका अपनाया है। युवक ने पड़ोसियों से बचने के लिए अपने हेलमेट पर सीसीटीवी कैमरा लगाया है। युवक का यह अनोखा प्रयोग सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है। तस्वीरों में दिख रहे इस युवक का नाम राजू है। राजू के सिर पर हेलमेट है और हेलमेट पर सीसीटीवी कैमरा।
मकान पर कब्जे की कोशिश से डरा युवक
दरअसल, राजू यह सब मशक्कत इसलिए कर रहे हैं क्योंकि पड़ोसी उनके मकान पर कब्जा जमाना चाहते हैं। जिसे लेकर उनका पड़ोसियों से विवाद हो चुका है। इसी विवाद के बाद से राजू अपनी जान के लिए खतरा महसूस कर रहे हैं और किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए उन्होंने हेलमेट पर सीसीटीवी कैमरा लगाया है।
परिवार पर हमले का भी आरोप
राजू का कहना है कि यदि वह घर जाते हैं तो घर में कुछ चौहान लोग उन्हें घर में घुसकर मारते हैं। उनकी फैमिली को भी मारा जाता है। थाने में जाने पर पुलिसकर्मी डराते-धमकाते हैं और कोई सहायता नहीं करते। उन्होंने अपील की है कि कोई उनकी सहायता के लिए आगे आए और सहयोग करे।
पुलिस जांच में जुटी, पहले भी दर्ज हैं केस
यह मामला इंदौर के हीरागर थाना क्षेत्र का है। पुलिस का कहना है कि यह सूचना उनके संज्ञान में आई है कि राजीव पटन नाम का व्यक्ति है जिसका पड़ोसियों से लंबे समय से विवाद चल रहा है। पूर्व में मारपीट, गाली-गलौज की प्राथमिकी भी दर्ज हो चुकी है। यह विवाद कैमरा लगाने को लेकर शुरू हुआ था और अब अक्सर पास-पड़ोस में विवाद होते रहते हैं। युवक द्वारा हेलमेट पर कैमरा लगाने की जानकारी पुलिस को है और अगर इसके पीछे और कोई वजह होगी तो उसकी जांच की जाएगी।









