MP News: मध्य प्रदेश में तेज बारिश का आलम है। नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में मध्य प्रदेश के सागर जिले के राहतगढ़ इलाके में एक महिला की बवाना नदी में उतराती हुई लाश मिली है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि महिला के साथ उसके दो मासूम बेटे भी थे। एक तीन साल का बच्चा था और एक तीन महीने का बेटा भी उसके साथ था जो अब भी लापता है।
शादी और परिवार की जानकारी
राहतगढ़ के पलासरी निवासी शिवानी कुर्मी की शादी मडखेरा (सुल्तानगंज थाना क्षेत्र) निवासी सतीश कुर्मी से कुछ साल पहले हुई थी। सतीश अपनी पत्नी और बच्चों के साथ भोपाल में रह रहा था। बीते दिन जब वह काम से घर लौटा, तो उसे घर में पत्नी शिवानी और दोनों बच्चे नहीं मिले। एक बच्चे का नाम कृष्णा है जिसकी उम्र 3 साल है और दूसरे का नाम आरब है जिसकी उम्र महज 3 महीने है। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी कोई पता नहीं चला।
नदी में मिला शव, बच्चे लापता
आज शिवानी के साले छोटू कुर्मी ने बताया कि राहतगढ़ क्षेत्र से बहने वाली बवाना नदी जो बासौदा बटियावदा से भी बहती है, वहां शिवानी की उतराती हुई लाश मिली है। लेकिन दोनों मासूम बच्चे अब भी लापता हैं। चाचा ने बताया कि जब वे घर पहुंचे तो शिवानी और बच्चे घर पर नहीं थे। इसके बाद उन्होंने पूरे भोपाल में स्टेशन, स्टैंड और अन्य जगहों पर तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों का बयान और संभावित कारण
पति सतीश ने बताया कि उसे शिवानी और बच्चों की गुमशुदगी की सूचना उसके साले ने सुबह लगभग 12:30 बजे दी। जब उससे पूछा गया कि क्या किसी तरह का विवाद था तो उसने इससे इनकार किया। जानकारी के अनुसार, नदी के पास से एक पर्स, बच्चा का जूता और लड़की का आधा कपड़ा मिला है।
परिवार की हालत और पुलिस जांच
शिवानी की उम्र 25 साल थी और उसके दोनों बच्चों की उम्र क्रमश: तीन साल और तीन महीने है। परिजन इस घटना से गहरे सदमे में हैं और रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सतीश भी बवाना नदी पहुंचा है। तेज बारिश और उफनते नदी-नालों के चलते यह सवाल भी उठ रहा है कि कहीं तीनों बह तो नहीं गए या फिर यह कोई और घटना तो नहीं?
राहतगढ़ पुलिस की कार्रवाई
पुलिस मामले की जांच कर रही है। राहतगढ़ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है और दोनों बच्चों की तलाश भी शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक दोनों बच्चे अभी भी लापता हैं।









