जिले में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में ब्यौहारी क्षेत्र में हाथियों के हमले में तीन ग्रामीणों की दर्दनाक मौत के बाद अब देवलौंद क्षेत्र से एक और हमले की खबर सामने आई है।
देवलौंद क्षेत्र के ग्राम करौंदिया के जंगल में बकरी चराने गए चरवाहे ग्रामीण पर एक अज्ञात जंगली जानवर ने अचानक हमला कर दिया। हमला इतना भयावह था कि ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत देवलौंद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
ग्रामीण के पीठ पर गहरे पंजों के निशान पाए गए हैं, जिससे बाघ द्वारा हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है और हमलावर जानवर की पहचान के लिए जांच जारी है।
स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को गश्त बढ़ानी चाहिए और लगातार हो रहे हमलों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए।
ज्ञात हो कि इससे पहले ब्यौहारी क्षेत्र में हाथियों के झुंड ने तीन ग्रामीणों की जान ले ली थी, जिससे पूरे जिले में वन्यजीवों को लेकर चिंता गहराती जा रही है।
वही इस मामले में DFO उत्तर वन मंडल तरुणा वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया है कि एक व्यक्ति को किसी जानवर ने पंजा मारा है,घायल व्यक्ति का स्टेटमेंट है कि अंधेरा होने की वजह से देख नहीं पाए कि किस जानवर ने हमला किया,हमारा स्टाफ इलाज के लिए अस्पताल ले गए है नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।









