Tesla: लंबे समय से भारत में टेस्ला कारों का इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। आज मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में टेस्ला का पहला शोरूम खुलने जा रहा है। इस मौके को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
भारत में लॉन्च होगी Tesla Model Y
इसी दौरान सामने आई एक तस्वीर से यह साफ हो गया है कि टेस्ला भारत में अपनी मॉडल Y एसयूवी को लॉन्च कर रही है। मॉडल Y टेस्ला की सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी कार है। यह पांच सीटर कार न सिर्फ स्टाइलिश है, बल्कि दमदार परफॉर्मेंस से भी लैस है।
शानदार रफ्तार और दमदार रेंज
टेस्ला मॉडल Y सिर्फ 5 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 250 किमी प्रति घंटा तक है। एक बार फुल चार्ज करने पर यह कार 530 किमी तक की रेंज देती है। साथ ही इसमें सेल्फ ड्राइविंग का भी फीचर दिया गया है।
कीमत और आगे की प्लानिंग
भारतीय बाजार में इस कार की कीमत ₹75 लाख से ₹90 लाख के बीच हो सकती है। मुंबई के बाद टेस्ला दिल्ली में भी शोरूम खोलने की तैयारी में है। इसके साथ ही बाकी मॉडल्स को भी भारत में लाने की योजना पर काम चल रहा है।
टेस्ला की चुनौती भारत में टिक पाएगी क्या
अब बड़ा सवाल यह उठता है कि टेस्ला भारत जैसे प्रतिस्पर्धी बाजार में कितनी सफल हो पाएगी? क्या इसका आना भारतीय ईवी बाजार में बड़ा बदलाव लाएगा? आने वाला समय ही इसका जवाब देगा।









